Chandigarh,26July2019 NewsRoots18
लोकसभा चुनाव में
हरियाणा की सभी 10 सीटों पर पहली बार कमल खिला। लोस चुनाव में विपक्ष का सुपड़ा साफ होने के बाद
अब विधानसभा चुनाव में भी विपक्ष को पछाड़ने के लिए भाजपा ने जीत का चक्रव्यूह
तैयार कर लिया है। इस चक्रव्यूह को अभेद्य बनाने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी
अध्यक्ष जेपी नड्डा जाटलैंड रोहतक में भाजपा को जीत का गुरु मंत्र देंगे। शनिवार
को नड्डा दो दिनों के लिए हरियाणा प्रवास पर आ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री
भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रहे हरियाणा की राजनीति राजधानी रोहतक में नड्डा का
शाही स्वागत होगा। नड्डा के शाही स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रोहतक में 27 व 28
जुलाई को भाजपा के मिशन-75 प्लस पर मंथन होगा। जेपी नड्डा के प्रवास को सफल बनाने के
लिए 13
बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों की जिम्मेदारी भी अलग अलग नेताओं को सौंपी गई
है। इस दौरान जेपी नड्डा पर्यावरण को बचाने का संदेश देते हुए पौधरोपण भी करेंगे।
शाह ने बनाया था हुड्डा पिता-पुत्र का किला ढहाने का चक्रव्यूह
लोकसभा चुनाव से पहले अगस्त 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी तीन
दिन के प्रवास पर रोहतक आए थे। अमित शाह ने रोहतक में ही हुड्डा पिता-पुत्र के
अलावा विपक्ष का सुपड़ा साफ करने का गणित भाजपा को समझाया था। अमित शाह की प्लानिंग
का असर यह रहा कि लोकसभा चुनाव में हुड्डा पिता-पुत्र का किला ढह गया और पूरे
विपक्ष का सुपड़ा साफ हो गया। हरियाणा की दस की दस सीटों पर कमल खिल गया। उसी जीत
को दोहराने के लिए शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा
रोहतक प्रवास पर आ रहे हैं। नड्डा इन दो दिनों में विधायकों, सांसदों और कार्यकर्ताओं
में जीत का मंत्र फूंकेंगे।
मनो अगेन के लिए दो दिनों तक चलेंगी मैराथन बैठकें
हरियाणा में विधानसभा चुनाव की आहट अब चारों तरफ सुनाई देने लगी है। सभी
राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। भाजपा ने भी दोबारा सत्ता पर
काबिज होने के लिए मंथन शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
जगत प्रकाश नड्डा शनिवार से हरियाणा दौरे पर हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
बनने के बाद सांगठनिक दृष्टि जेपी नड्डा का हरियाणा के रोहतक में यह पहला प्रवास
है। लोकसभा चुनाव में हुड्डा का किला
ढहाने के बाद अब विधानसभा चुनाव में भी हुड्डा पिता पुत्र के अलावा विपक्ष का
सुपड़ा साफ करने के लिए रोहतक मैराथन बैठकों का दौर शनिवार से शुरू होगा।
विपक्ष को फंसाने का मंत्र देंगे भाजपा के नड्डा
जेपी नड्डा के रोहतक प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों की
रूपरेखा तय कर ली गई है। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित
शाह भी हरियाणा दौरे पर आए थे। उन्होंने ऐसा चक्रव्यूह रचा था कि हरियाणा में
भाजपा का दस की दस सीटों पर कमल खिल गया और विपक्ष का सुपड़ा साफ हो गया। विधानसभा
चुनाव में भी जेपी नड्डा विपक्ष को अपने चक्रव्यूह में फंसाने का मंत्र भाजपा
नेताओं और कार्यकर्ताओं को देंगे। इसकी पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
जेपी नड्डा का 27 जुलाई का कार्यक्रम
पहले ही दिन यानि की 27 जुलाई को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की बैठकों का दौर
शुरू होगा। जेपी नड्डा 12 से 2 बजे तक शक्ति केंद्रों के लगभग 10 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित
करेंगे। उसके बाद 4 से 5
बजे तक जिला अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, निगम चेयरमैन को जीत का मंत्र देंगे। 5.30 से 6.30 बजे तक जेपी नड्डा
द्वारा विधायकों और सांसदों की बैठक ली जायेगी। इसके बाद 7 से 8.30 बजे तक कोर ग्रुप की बैठक होगी।
जिसमें 75
पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मंथन होगा।
दिल्ली बार्डर से शुरु होगा भव्य स्वागत
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा का दिल्ली बार्डर से भव्य
स्वागत शुरू हो जाएगा। दिल्ली बार्डर पर प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला अभिनंदन की
अगुवानी करेंगे। स्वागत के दौरान हरियाणा सरकार के मंत्री से लेकर कई विधायक भी
मौजूद रहेंगे। झज्जर से लेकर रोहतक में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने पर जगह-जगह
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का शाही अभिनंदन किया जाएगा।
0 Comments